Uttrakhand

बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने धामी सरकार से पूछे सवाल

बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस का हमला, गोदियाल बोले- मातृशक्ति को गुमराह कर रही धामी सरकार

देहरादून, भारत केसरी

 

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री बैणी-भुली योजना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने धामी सरकार की इस योजना पर सवाल उठाते हुए इसे चुनाव से पहले महिलाओं को लुभाने की कोशिश करार दिया है। देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत ने सरकार की नीतियों पर निशाना साधा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि योजना के तहत केवल 5.23 लाख महिलाओं को 10 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही गई है, जबकि प्रदेश की लाखों अन्य महिलाएं इस योजना के दायरे से बाहर क्यों हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को एकमुश्त सहायता के बजाय हर महीने सम्मान राशि देने की व्यवस्था की जाएगी।

 

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना के बजट और भविष्य को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या विधानसभा चुनाव के बाद भी यह योजना जारी रहेगी? साथ ही उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में 10 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता महिला सशक्तिकरण के लिए पर्याप्त नहीं है।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव से ठीक पहले इस तरह की घोषणाएं कर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने योजना के धरातल पर उतरने को लेकर भी सवाल खड़े किए।

 

वहीं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं को तात्कालिक आर्थिक सहायता देने के बजाय सरकार को स्थायी रोजगार, सुरक्षा और महंगाई से राहत जैसे मुद्दों पर ठोस कदम उठाने चाहिए।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार से योजना के पात्रता मानदंड सार्वजनिक करने और प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को बिना भेदभाव लाभ देने की मांग की।

 

अब बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस के इन सवालों पर धामी सरकार की क्या प्रतिक्रिया आती है, यह देखना अहम होगा।