CRIME NEWSDEHRADUN

17 साल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, STF और देहरादून पुलिस की बड़ी कार्रवाई

17 साल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, STF और दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

देहरादून। भारत केसरी

उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए करीब 17 वर्षों से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकत अली (54) पुत्र लतीफ, निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी देहरादून के वसंत विहार और नैनीताल के हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मामलों में वांछित चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया था। एसटीएफ और दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

 

2009 में ONGC अधिकारी के घर हुई थी डकैती

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र में ONGC के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर में पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की थी। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल भी किया गया था।

 

मामले में थाना वसंत विहार में मुकदमा संख्या 80/09, धारा 397 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान इस वारदात में पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी।

 

पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों राशिद, बबलू, इमरान और समद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में बदलता रहा ठिकाने

 

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी मेरठ से फरार होने के बाद दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग ठिकानों पर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

 

एसटीएफ और दून पुलिस लगातार मैनुअल पुलिसिंग और खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसकी तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है।

 

सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे भाटपाड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

 

हत्या, डकैती और रंगदारी समेत 11 मुकदमे दर्ज

 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

 

उसके खिलाफ वर्ष 1991 से 2009 के बीच मेरठ और हल्द्वानी में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, हत्या, रंगदारी और अवैध हथियार रखने से संबंधित मामले शामिल हैं।

 

STF और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम

 

इस गिरफ्तारी में उत्तराखंड एसटीएफ की टीम से निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, सहायक उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगई, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेंद्र चौहान तथा कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे।

 

वहीं थाना वसंत विहार की ओर से थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा और सहायक उपनिरीक्षक गंभीर सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया।

 

उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। करीब 17 वर्षों से फरार चल रहे एक लाख के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।