Uttrakhand

अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने पर मुकदमा, विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर नामजद; सुरेश राठौड़ का नार्को-पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले मेडिकल

अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने पर मुकदमा, विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर नामजद; सुरेश राठौड़ का नार्को-पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले मेडिकल

 

देहरादून।

भारत केसरी

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दिवंगत अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में पुलिस ने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, कथित वीआईपी ऑडियो प्रकरण में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का गुजरात के गांधीनगर में नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

IIF1 – 2026-11-25T185956.562

निजी चैट सार्वजनिक करने पर दर्ज हुई जीरो एफआईआर

 

अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी की शिकायत पर देहरादून के राजपुर थाने में 25 नवंबर 2026 को शाम 6 बजकर 46 मिनट पर जीरो एफआईआर संख्या 004 दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने अंकिता और उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप बातचीत को मीडिया के सामने सार्वजनिक किया।

परिवार का कहना है कि निजी बातचीत को सार्वजनिक किए जाने से दिवंगत अंकिता की निजता, गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। साथ ही परिवार को भी मानसिक आघात पहुंचा है।

 

इस मामले में आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 356(2) और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का स्थान हरिद्वार प्रेस क्लब बताए जाने के कारण जीरो एफआईआर को जांच के लिए हरिद्वार कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया है।

 

माता-पिता के धरने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

 

दरअसल, अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और सोनी देवी ने बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरना-प्रदर्शन किया था। उनका आरोप था कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है।

 

धरने के दौरान परिवार ने सवाल उठाया कि उनकी बेटी की निजी जिंदगी से जुड़ी बातचीत सार्वजनिक कर उसके चरित्र पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं।

 

इस धरने को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत कई नेताओं ने समर्थन दिया। इसके बाद अंकिता के माता-पिता और विपक्षी नेताओं ने एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात की। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद देर शाम जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

 

विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सार्वजनिक की थीं चैट

 

गौरतलब है कि नवंबर महीने में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर अंकिता और उसके मित्र के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत के चार हजार से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे।

 

विनोद आर्य ने इन चैट के आधार पर अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। उन्होंने अंकिता की हत्या को आत्महत्या बताते हुए कुछ अन्य लोगों की भूमिका की जांच की मांग भी उठाई थी। हालांकि, ये विनोद आर्य के अपने दावे हैं, जिनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।

 

सुरेश राठौड़ का गांधीनगर में मेडिकल

 

दूसरी ओर, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो मामले में सीबीआई की जांच भी आगे बढ़ रही है। पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर ने देहरादून की विशेष सीबीआई अदालत में नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए सहमति दी थी।

 

अदालत ने दोनों के परीक्षण गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक लैब में कराने के निर्देश दिए थे।

 

सुरेश राठौड़ 23 नवंबर को गांधीनगर के लिए रवाना हुए थे। सीबीआई ने उन्हें 24 नवंबर को उपस्थित होने के लिए कहा था। 25 नवंबर को उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें शुगर लेवल से संबंधित समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

 

गांधीनगर रवाना होने से पहले जारी वीडियो में सुरेश राठौड़ ने कहा था कि वह अंकिता को न्याय दिलाने और सच्चाई सामने लाने के लिए जांच एजेंसी को पूरा सहयोग करेंगे।

 

उर्मिला सनावर के टेस्ट पर भी नजर

 

वहीं, उर्मिला सनावर ने 13 नवंबर को विशेष सीबीआई अदालत में नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए लिखित सहमति दी थी। उन्होंने मांग की थी कि पहले सुरेश राठौड़ का परीक्षण कराया जाए। साथ ही उन्होंने अपने नार्को टेस्ट को मीडिया कैमरों के सामने कराने की शर्त भी रखी थी।

 

उर्मिला ने यह आरोप भी लगाया था कि उन्हें नार्को टेस्ट से पीछे हटने के लिए 25 लाख रुपये और स्कॉर्पियो गाड़ी देने का प्रस्ताव दिया गया। इस आरोप में उन्होंने स्वामी दर्शन भारती और डीएस रावत का नाम लिया था। वहीं, दर्शन भारती ने इन आरोपों को निराधार बताया था।

 

फिलहाल उर्मिला के टेस्ट की निश्चित तारीख और परीक्षण संपन्न होने की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

 

अब आगे क्या ?

एक तरफ अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने के मामले में हरिद्वार पुलिस जीरो एफआईआर की जांच करेगी, तो दूसरी तरफ कथित वीआईपी ऑडियो प्रकरण में सीबीआई की जांच और नार्को-पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।

 

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के बीच अब दो सवाल अहम हैं—निजी चैट सार्वजनिक करने के मामले में जांच क्या निष्कर्ष निकालती है और कथित वीआईपी ऑडियो प्रकरण में सीबीआई जांच से क्या नए तथ्य सामने आते हैं।