उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कांग्रेस विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे “मेरा वोट मेरा अधिकार” एवं कुटुंब अभियान की समीक्षा की गई और आगामी छह महीनों के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने जानकारी दी कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में दो बड़ी रैलियों का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए जनता को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित कर, किसी भी तरह से चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस इस षड्यंत्र का पर्दाफाश करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने बैठक में बताया कि 21 और 22 मार्च को पार्टी के जिला एवं महानगर अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में संगठन को मजबूत करने और जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही, भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अगले छह महीनों तक प्रदेशभर में अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस संगठन प्रत्येक पोलिंग बूथ से 20 ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार कर रहा है जिनके नाम हाल के निकाय चुनावों और केदारनाथ उपचुनाव में मतदाता सूची से काटे गए थे, जबकि बाहरी लोगों के नाम जोड़ दिए गए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के अध्यक्ष सचिन राव की उपस्थिति में सहस्रधारा रोड, राजपुर स्थित शंहशाही रिसॉर्ट में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में भाजपा सरकार की उपलब्धियां केवल भ्रष्टाचार, बलात्कार और बेरोजगारी तक सीमित रही हैं। कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर भाजपा सरकार की इन विफलताओं को जनता के सामने लाएगी।
सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि देश और उत्तराखंड में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, जबकि भाजपा साम्प्रदायिक मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान भटका रही है। कांग्रेस पार्टी भाजपा के इन षड्यंत्रों को जनता के बीच उजागर करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में सरकारी भ्रष्टाचार के कारण जनता की गाढ़ी कमाई भाजपा के मंत्रियों की जेब में जा रही है।
उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली भाजपा सरकार में बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं और आम जनता को भाजपा के नेताओं से अपनी बेटियों को बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी आगामी महीनों में चरणबद्ध तरीके से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करेगी।
बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और जनता से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव दिए। विधायकों ने सदन में उठाए गए मुद्दों और सरकार पर बनाए गए दबाव की जानकारी साझा की।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,
, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) सदस्य प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य गणेश गोदियाल, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, एआईसीसी सचिव एवं सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा, एआईसीसी सचिव काजी निजामुद्दीन, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व मंत्री नवप्रभात, विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, विधायक विक्रम सिंह नेगी, मदन सिंह बिष्ट, हरीश धामी, मनोज तिवारी, आदेश चौहान, ममता राकेश, फुरकान अहमद, अनुपमा रावत, वीरेंद्र जाट, रवि बहादुर, लखपत सिंह बुटोला, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत और आर्येन्द्र शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।