DEHRADUNसजवाण हितकारिणी सभा

बंगाली कोठी में तीन दिवसीय भगवान घंटाकरण देवता की भव्य कथा का यज्ञ व भंडारे के साथ समापन

बंगाली कोठी में तीन दिवसीय भगवान घंटाकरण देवता की भव्य कथा का यज्ञ व भंडारे के साथ समापन

भक्तों की रक्षा व मनोकामना पूर्ण करते हैं घंडियाल देवता : सूर्यकांत धस्माना

देहरादून।
सजवाण हितकारिणी सभा के तत्वावधान में बंगाली कोठी स्थित महालक्ष्मी वेडिंग पॉइंट में आयोजित तीन दिवसीय भगवान घंटाकरण (घंडियाल) देवता की भव्य कथा आज यज्ञ व विशाल भंडारे के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गई।

कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पुरानी टिहरी रियासत के अधिकांश क्षेत्रों में भगवान घंटाकरण देवता को इष्ट देव के रूप में पूजा जाता है। लौतसू बढ़ियारगढ़ के इस देवता के संबंध में मान्यता है कि वे अपने भक्तों की रक्षा करने के साथ-साथ उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
उन्होंने आयोजन के संयोजक त्रिलोक सिंह सजवाण एवं उनकी पूरी टीम को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी तथा सजवाण वंश हितकारिणी सभा के निमंत्रण पर पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना की।

कथा समापन पर कथा व्यास आचार्य लोकेंद्र बिजलवान ने भगवान घंटाकरण देवता के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए उनके दिव्य स्वरूप का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि घंडियाल देवता घर-घर में विराजमान रहते हैं और स्मरण मात्र से भक्तों पर कृपा करते हैं। कानों में घंटे धारण किए उनका स्वरूप विघ्नहर्ता और कल्याणकारी है। कथा श्रवण से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है।
यज्ञ में पूर्णाहुति के साथ कथा को विधिवत विराम दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, डोईवाला विधायक ब्रज भूषण गैरोला, नरेंद्रनगर के पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, आशा मनोरमा शर्मा, महेश जोशी, वैभव वालिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान घंटाकरण का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में पहाड़ से आए सरोला द्वारा भडू की दाल व भात का भव्य भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन समिति की ओर से त्रिलोक सजवाण, कुलबीर सजवाण, हरेंद्र सजवाण, चित्रपाल सजवाण व बीरेंद्र सजवाण ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *