Mussoorie-Dehradun Development Authority

खेलों से संवरेगा छात्रों का भविष्य, देहरादून में 4.84 करोड़ रुपये खर्च करेगा एमडीडीए

देहरादून, 07 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में एमडीडीए जनपद देहरादून में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। इस पहल के तहत देहरादून जनपद के 08 राजकीय विद्यालयों में बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल के आधुनिक खेल कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल ₹484 लाख (4.84 करोड़ रुपये) की धनराशि व्यय की जा रही है।

इस परियोजना का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। एमडीडीए का मानना है कि विद्यालय स्तर पर खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रारंभिक स्तर से ही बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।

इन विद्यालयों में बनेंगे खेल कोर्ट

एमडीडीए द्वारा जिन विद्यालयों में खेल कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है, उनमें—

राजकीय इंटर कॉलेज, मियावाला – आउटडोर बैडमिंटन कोर्ट

राजकीय इंटर कॉलेज / राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रानीपोखरी – आउटडोर बैडमिंटन कोर्ट

सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, डोईवाला – आउटडोर बैडमिंटन कोर्ट

राजकीय इंटर कॉलेज, सेलाकुई (सहसपुर) – आउटडोर बैडमिंटन कोर्ट

राजकीय इंटर कॉलेज, हर्बर्टपुर – आउटडोर बैडमिंटन कोर्ट

राजकीय इंटर कॉलेज, सौदासरोली – इंडोर बैडमिंटन कोर्ट

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड – इंडोर बैडमिंटन कोर्ट

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कौलागढ़ – इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के साथ आउटडोर वॉलीबॉल कोर्ट

का निर्माण शामिल है।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर

एमडीडीए द्वारा सभी परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता मानकों, सुरक्षा नियमों और समयबद्ध क्रियान्वयन के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शीघ्र ही छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

उपाध्यक्ष एमडीडीए का बयान

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्राधिकरण शहरी विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी समान प्राथमिकता दे रहा है। विद्यालयों में खेल अधोसंरचना का विकास भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निवेश है। खेल न केवल मनोरंजन बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का आधार हैं। इन सुविधाओं से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

सचिव एमडीडीए का बयान

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी खेल परियोजनाएं तकनीकी मानकों के अनुरूप क्रियान्वित की जा रही हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इन खेल कोर्ट्स से विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायता मिलेगी।

एमडीडीए की यह पहल न केवल देहरादून के शैक्षणिक परिसरों को आधुनिक स्वरूप प्रदान करेगी, बल्कि जनपद में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *