सतपाल महाराज का व्यक्तित्व हम सबके लिए प्रेरणादायक: मुख्यमंत्री धामी
हरिद्वार, 21 सितंबर 2026। मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में ऋषिकुल मैदान, हरिद्वार में आयोजित सतपाल महाराज के 75वें पावन जन्मोत्सव समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दो दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह के दौरान सतपाल महाराज के आध्यात्मिक योगदान, सामाजिक सेवा और उत्तराखंड के विकास में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया प्रेरणादायक व्यक्तित्व

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सतपाल महाराज देश के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं और उनका व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक गुरु भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतपाल महाराज ने बचपन से ही अपने पिता हंस जी महाराज से ज्ञान प्राप्त किया और मानव धर्म के प्रचार-प्रसार को अपने जीवन का मिशन बनाया। देश-विदेश में उनके आध्यात्मिक प्रवचन आयोजित होते हैं, जिनका मूल संदेश आत्मज्ञान, मानव सेवा और सर्वधर्म समभाव है।
उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज ने वर्ष 2017 और 2022 में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। PWD और पर्यटन मंत्री के तौर पर उनका ध्यान उत्तराखंड के समग्र विकास पर रहा है।
राज्यपाल बोले—आत्मज्ञान का प्रकाश फैला रहे हैं महाराज
समारोह में पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री एवं आध्यात्मिक गुरु का व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायक है।
राज्यपाल ने कहा कि सतपाल महाराज ने मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से देश-विदेश में मानव धर्म, सद्भावना और आत्मज्ञान का संदेश पहुंचाया है। इसके साथ ही एक जनप्रतिनिधि और प्रशासक के रूप में उन्होंने उत्तराखंड के विकास में योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज के नेतृत्व में चारधाम यात्रा के सुव्यवस्थीकरण, पर्यटन अवसंरचना के विस्तार और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्यपाल के अनुसार, महाराज ने विकास को आध्यात्मिकता से जोड़ने का कार्य किया है।
सतपाल महाराज ने सत्संग और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
समारोह में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सत्संग का लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि महापुरुषों का दर्शन और उनका सत्संग बड़े सौभाग्य से प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संत-महापुरुषों की वाणी पर अमल करना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मन में सकारात्मक विचार रखने चाहिए, क्योंकि विनाशकारी सोच मनुष्य को अधोगति की ओर ले जाती है।
सतपाल महाराज ने कहा कि प्रत्येक कार्य करते समय परमपिता परमात्मा के पावन नाम का सुमिरन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परमात्मा का नाम ही मनुष्य को मुक्ति के मार्ग की ओर ले जाता है और मानव जीवन को सार्थक बनाने में सहायक होता है।
माता अमृता ने साझा किए महाराज के जीवन संघर्ष
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री माता अमृता ने कहा कि समारोह के पहले दिन सतपाल महाराज के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को उनके संघर्ष और मानव कल्याण के लिए किए गए कार्यों की जानकारी मिली।
उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनकी शिक्षाओं और मार्गदर्शन का अनुसरण करना चाहिए।
जन्मोत्सव पर हुआ पूजन कार्यक्रम
सतपाल महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पूजन के बाद माता अमृता, श्रद्धेय, आराध्या, सुयश, मोहिना सहित संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष यादव ने किया।
मुख्यमंत्री के समक्ष विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव रखे
कार्यक्रम के दौरान चौबट्टाखाल विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष अपने विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों का अनुरोध रखा।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित विभिन्न मंदिरों और विद्यालयों के स्थलीय विकास के साथ ही राजकीय डिग्री कॉलेज वेदीवाल में स्नातक स्तर पर विज्ञान वर्ग के अंतर्गत भौतिक विज्ञान और गणित विषयों के पद सृजित करने का अनुरोध किया।
