Uttrakhand

पहाड़ में क्रिकेट का महाकुंभ! लाखामंडल प्रीमियर लीग में ₹2 लाख की इनामी बाजी

🏏 पहाड़ी दिवाली का क्रिकेट धमाका! लाखामंडल प्रीमियर लीग 2026 का होगा आगाज, विजेता को मिलेंगे 2 लाख रुपये

 

देहरादून/लाखामंडल।

भारत केसरी

जौनसार-बावर के ऐतिहासिक क्षेत्र लाखामंडल में पहाड़ी दिवाली यानी बूढ़ी दिवाली के अवसर पर क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। युवा क्लब लाखामंडल सेरा की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पहाड़ी दिवाली लाखामंडल प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रतियोगिता की जानकारी साझा करते हुए बताया कि टूर्नामेंट 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक यमुना वैली के सेरा ग्राउंड में आयोजित होगा। प्रतियोगिता को जौनसार-बावर की प्रमुख ग्रामीण क्रिकेट लीग के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

 

इस बार प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। टीमों के लिए एंट्री फीस 5,500 रुपये निर्धारित की गई है।

आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना और ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी भाईचारे एवं एकजुटता को मजबूत करना भी है। खास बात यह है कि क्षेत्र के 5 से 6 गांवों के लोग मिलकर इस प्रतियोगिता का आयोजन करते हैं।

 

आयोजकों ने जौनसार-बावर सहित उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों की क्रिकेट टीमों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

खेल के मैदान में दिखेगा पहाड़ का दम, लाखामंडल में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ!