DEHRADUN

देहरादून वालों ध्यान दें! कल इन रास्तों पर लग सकता है जाम, पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान

देहरादून में कल ट्रैफिक का बड़ा बदलाव! प्रकाश पर्व शोभायात्रा को लेकर कई रास्तों पर डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ लें रूट प्लान

 

देहरादून।

भारत केसरी

राजधानी देहरादून में 21 नवंबर को प्रकाश पर्व के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को देखते हुए देहरादून यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।

यह रहेगा शोभायात्रा का रूट

 

शोभायात्रा गुरुद्वारा पटेलनगर से शुरू होकर सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

इन चौराहों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

 

शोभायात्रा की स्थिति के अनुसार पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, लालपुल, सहारनपुर चौक, घंटाघर, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक, सीएमआई तिराहा और एमकेपी चौक पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।

 

शोभायात्रा के घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ने पर चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर भेजा जाएगा। दर्शनलाल चौक और बुद्धा चौक पर पहुंचने के दौरान भी यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

 

वहीं सुभाष रोड पर शोभायात्रा पहुंचने के दौरान यातायात को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। सीएमआई और रेसकोर्स चौक से एमकेपी चौक की ओर वाहनों को नहीं भेजा जाएगा।

 

पुलिस की वाहन चालकों से खास अपील

 

यातायात पुलिस ने लोगों से शोभायात्रा मार्ग का यथासंभव प्रयोग न करने और वैकल्पिक मार्गों को अपनाने की अपील की है। अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल न करें और संभव हो तो सिटी बस, ऑटो तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करें।

 

नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा, जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित है। सार्वजनिक मार्गों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसी आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जाएगा।

 

इसलिए कल देहरादून में निकलने से पहले रूट प्लान जरूर देख लें, वरना जाम में फंसकर आपकी मंजिल तक पहुंचने में देरी हो सकती है।