Uttrakhand

गंगोत्री हाईवे पर महिलाओं का कमाल! ‘हिमालयन भोजनालय’ से चमकी किस्मत, मुख्य सचिव ने किया उद्घाटन

महिलाओं की मेहनत को मिला नया मुकाम! गंगोत्री हाईवे पर खुला ‘हिमालयन भोजनालय’, मुख्य सचिव ने किया उद्घाटन

उत्तरकाशी।

भारत केसरी

उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक और पहल सामने आई है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘हिमालयन भोजनालय’ का मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उद्घाटन किया।

रीप परियोजना के अंतर्गत स्थापित इस वे-साइड ईटरी का संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं। यहां यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक भोजन के साथ स्नैक्स भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उद्घाटन के दौरान मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय और आमदनी की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर भोजनालय की लोकेशन होने के कारण यहां से गुजरने वाले यात्रियों के साथ स्थानीय लोग भी पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है।

महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग और बैंक ऋण की सुविधा से वे अपना व्यवसाय शुरू कर पाईं। अब उन्हें बड़े आयोजनों के लिए भी भोजन के ऑर्डर मिलने लगे हैं।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

रीप परियोजना के अधिकारियों के अनुसार प्रदेशभर में ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से इस तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय व्यंजन उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर तैयार करना है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

हिमालय की वादियों में अब स्वाद के साथ महिला आत्मनिर्भरता की नई कहानी भी लिखी जा रही है।