एसएसपी दून का अनोखा अंदाज! डबल हेलमेट वालों पर बरसाए फूल, बिना हेलमेट वालों को बांटे हेलमेट
एसएसपी दून का अनोखा अंदाज! डबल हेलमेट वालों पर बरसाए फूल, बिना हेलमेट वालों को बांटे हेलमेट
देहरादून।
भारत केसरी
सड़क सुरक्षा को लेकर देहरादून पुलिस अब सख्ती के साथ जागरूकता का संदेश भी दे रही है। शुक्रवार को एसएसपी देहरादून खुद सड़क पर उतरे और दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया।

इस दौरान एसएसपी ने खासतौर पर उन लोगों को जागरूक किया, जो बाइक पर पीछे बैठने वाली सवारी यानी पिलियन राइडर को हेलमेट नहीं पहनाते। बिना हेलमेट पीछे बैठने वाले लोगों को हेलमेट की अहमियत समझाई गई और कई लोगों को मौके पर हेलमेट भी वितरित किए गए।

वहीं, बाइक पर चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनने पर एसएसपी ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया। पुलिस के इस अनोखे अंदाज ने लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया।

एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील भी की।

दून पुलिस ने साफ किया है कि अब दोपहिया वाहन पर पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
संदेश साफ है—सुरक्षा में लापरवाही नहीं, बाइक पर दोनों सवारियों के लिए हेलमेट जरूरी।

