देहरादून में IIM काशीपुर कैंपस का भूमिपूजन, युवाओं को मिलेगा उच्चस्तरीय मैनेजमेंट शिक्षा का अवसर
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में IIM काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता जताई।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में IIM काशीपुर का कैंपस शुरू होने से उत्तराखंड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा हासिल करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। कैंपस के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में मैनेजमेंट से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि IIM काशीपुर का देहरादून कैंपस राज्य में गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा को और मजबूती देगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर संस्थानों की स्थापना से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की आवश्यकता भी कम होगी। इससे राज्य में शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने के साथ रोजगार और कौशल विकास के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में IIM काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था CPWD देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों और IIM काशीपुर के अधिकारी मौजूद रहे। 
