दीपावली की आतिशबाजी से उत्तराखंड की आबोहवा हुई खराब, देहरादून में AQI 290 तक पहुंचा
दीपावली की आतिशबाजी से उत्तराखंड की आबोहवा हुई खराब, देहरादून में AQI 290 तक पहुंचा
रिपोर्ट -प्रशांत चौधरी
भारत केसरी न्यूज़
दीपावली के पर्व पर हुई आतिशबाजी का असर अब उत्तराखंड के शहरों की आबोहवा पर दिखाई देने लगा है। छोटी दीपावली पर देर रात तक चले पटाखों के चलते प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। राजधानी देहरादून में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 290 तक पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में आता है।

उत्तराखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, देहरादून के अलावा रुड़की में AQI 152, ऋषिकेश में 150 और काशीपुर में 140 दर्ज किया गया। वहीं हल्द्वानी में 115, नैनीताल में 74 और टिहरी में 51 AQI रिकॉर्ड किया गया।
आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि आतिशबाजी का असर केवल मैदानी शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों की हवा भी प्रभावित हो रही है। खास बात यह है कि स्वच्छ आबोहवा के लिए पहचाने जाने वाले नैनीताल और टिहरी जैसे शहरों में भी प्रदूषण के कण पहुंचने लगे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों की शुरुआत के साथ तापमान में गिरावट और हवा की रफ्तार कम होने से धूल और धुएं के सूक्ष्म कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं। इसके अलावा वाहनों का धुआं, निर्माण गतिविधियां और कूड़ा जलाना भी प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजह हैं।
वहीं, आज बड़ी दीपावली के अवसर पर भी आतिशबाजी होने की संभावना है। ऐसे में वायु गुणवत्ता और खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में उत्तराखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव पराग मधुकर का कहना है कि पर्यावरण को बेहतर बनाए रखने के लिए बोर्ड की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को आतिशबाजी के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया गया है।
फिलहाल छोटी दीपावली के बाद सामने आए ये आंकड़े पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जाए।

