राज्य स्थापना दिवस पर शहीद स्मारक पहुंचे सीएम धामी, अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
राज्य स्थापना दिवस पर शहीद स्मारक पहुंचे सीएम धामी, अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
देहरादून। ब्यूरो रिपोर्ट -प्रशांत चौधरी, भारत केसरी
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए पृथक उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए उनके संघर्ष, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों और पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास और बलिदान को याद करने के साथ विकसित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

