Uttrakhand

इगास बग्वाल पर CM धामी के आवास पर सजे लोक संस्कृति के रंग, मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी की शिरकत

इगास बग्वाल पर CM धामी के आवास पर सजे लोक संस्कृति के रंग, मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी की शिरकत

 

लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से गूंजा मुख्यमंत्री आवास, उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की दिखी झलक

 

देहरादून।

भारत केसरी

उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरकारी आवास पर लोक संस्कृति और परंपराओं का रंगारंग उत्सव देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया, जबकि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी समारोह में शिरकत कर लोकपर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में पारंपरिक लोकगीतों, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के साथ-साथ देश-दुनिया में रह रहे उत्तराखंड के लोगों को इगास बग्वाल की शुभकामनाएं दीं।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कामना की कि यह लोकपर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए तथा प्रदेश के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त हों।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ की पवित्र भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का संकल्प व्यक्त किया था। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास के प्रत्येक क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि इगास बग्वाल के अवसर पर सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि उत्तराखंड विकास के हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।

 

इगास बग्वाल के इस आयोजन ने एक बार फिर उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के संदेश को मजबूत किया।