देहरादून के नए CDO डॉ. दीपक सैनी ने संभाला कार्यभार, विकास कार्यों को गति देना होगी प्राथमिकता
देहरादून के नए CDO डॉ . दीपक सैनी ने संभाला कार्यभार, विकास कार्यों को गति देना होगी प्राथमिकता
देहरादून।
जनपद देहरादून के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ दीपक सैनी ने बुधवार, 18 नवंबर 2026 को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जनपद में विकास कार्यों को गति देने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प जताया।

मीडिया से बातचीत में डॉ दीपक सैनी ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए उत्तराखंड शासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना रहेगा।
नवनियुक्त CDO ने अपने कार्यकाल की पांच प्रमुख प्राथमिकताएं भी साझा कीं। इनमें ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार तथा पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास रहेगा। इसके साथ ही जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, नियमित फील्ड विजिट और ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की समीक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डॉ सैनी ने देहरादून के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण, आपदा सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से टीम भावना के साथ काम किया जाएगा, ताकि विकास योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई दे।
नए CDO के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती तय प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने और विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की होगी।

