उत्तराखंड में केयरयोगी का डिजिटल हॉस्पिटल लॉन्च, घर बैठे मिलेगी डॉक्टरों की सलाह से लेकर दवाइयों और जांच तक की सुविधा
उत्तराखंड में केयरयोगी का डिजिटल हॉस्पिटल लॉन्च, घर बैठे मिलेगी डॉक्टरों की सलाह से लेकर दवाइयों और जांच तक की सुविधा
देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में केयरयोगी (CareYogi) ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने प्रदेश में अपने ‘केयरयोगी डिजिटल हॉस्पिटल’ की शुरुआत की है। इसके माध्यम से अब मरीजों को घर बैठे डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श, लैब टेस्ट, दवाइयों की होम डिलीवरी और होम हेल्थकेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

केयरयोगी के इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रदेश के दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी जनरल फिजिशियन, विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से वीडियो या ऑडियो कॉल के माध्यम से परामर्श ले सकेंगे। इसके साथ ही मरीजों के घर से ही जांच के लिए सैंपल कलेक्शन और डिजिटल रिपोर्ट उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी जाएगी।
कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर रोहित मधुसूदन के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण के साथ ही प्रत्येक मरीज का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। मरीज की सहमति से यह रिकॉर्ड उपचार करने वाले डॉक्टरों के साथ साझा किया जा सकेगा, जिससे इलाज के दौरान पुरानी रिपोर्ट और मेडिकल हिस्ट्री आसानी से उपलब्ध रहेगी।
वहीं, कंपनी के चीफ मेडिकल एडवाइजर डॉ. वाई.एस. बिष्ट ने बताया कि केयरयोगी की ओर से परिवारों के लिए प्रिवेंटिव हेल्थकेयर पैकेज भी तैयार किए गए हैं। इनमें नियमित स्वास्थ्य जांच, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, डॉक्टरों से परामर्श, आपातकालीन तैयारी और बेहतर केयर कोऑर्डिनेशन को शामिल किया गया है।

कंपनी के स्ट्रैटेजी एवं पार्टनरशिप निदेशक विनीत बहुगुणा ने कहा कि केयरयोगी का उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण, भरोसेमंद और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि सामान्य स्वास्थ्य जरूरतों के लिए बार-बार अस्पताल जाने की मजबूरी कम हो सके।
उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां कई दूरस्थ गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचना आज भी चुनौतीपूर्ण है। इसके अलावा रोजगार और शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोगों के सामने अपने बुजुर्ग माता-पिता के स्वास्थ्य की देखभाल और निगरानी की चुनौती भी रहती है। ऐसे में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और ऑनलाइन परामर्श की सुविधा परिवारों के लिए मददगार साबित हो सकती है।

केयरयोगी की प्रमुख सेवाओं में ऑनलाइन डॉक्टर परामर्श, घर पर लैब जांच, दवाइयों की डिलीवरी, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, बुजुर्गों की देखभाल और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, चुनिंदा शहरों में होम हेल्थकेयर सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल हॉस्पिटल का उद्देश्य पारंपरिक अस्पतालों या आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का विकल्प बनना नहीं, बल्कि जहां संभव हो वहां डिजिटल और घर आधारित सुविधाओं के जरिए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।
केयरयोगी कस्टमर ऐप एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण कर मरीज अपनी जरूरत के अनुसार डॉक्टर से परामर्श, जांच या अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का अनुरोध कर सकते हैं।

