चारधाम परियोजना और सड़क-रेल कार्यों पर मुख्य सचिव सख्त, भूमि अधिग्रहण के लंबित मामले 15 दिन में निपटाने के निर्देश
चारधाम परियोजना और सड़क-रेल कार्यों पर मुख्य सचिव सख्त, भूमि अधिग्रहण के लंबित मामले 15 दिन में निपटाने के निर्देश
देहरादून।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा मार्ग सहित महत्वपूर्ण सड़क और रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों के साथ सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने देहरादून-ऋषिकेश बाईपास परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने को कहा। उन्होंने लगभग 825 किलोमीटर लंबे चारधाम यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
चारधाम परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों का 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण करने और संबंधित भूमि स्वामियों को मुआवजे का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने PWD, BRO और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करने और तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से रुद्रप्रयाग जनपद के चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में करीब चार किलोमीटर हिस्से से संबंधित भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर जोर दिया।

वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग के नरकोटा क्षेत्र में डायवर्जन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। नरकोटा ब्रिज के फैब्रिकेशन की जांच और गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने तथा शेष सिविल कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को साप्ताहिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष हुई प्रगति और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के साथ निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।
बैठक में सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार, RVNL के सीपीएम हिमांशु बडोनी, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के आरओ पंकज सिंह सहित BRO और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अब चारधाम परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में लंबित कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कराना शासन की प्राथमिकता होगी।

