DEHRADUNUttrakhand

बंशीधर भगत के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, प्रतिमा सिंह बोलीं—पहले अपने गिरेबान में झांकें भाजपा नेता

देहरादून ,भारत केसरी

भाजपा विधायक बंशीधर भगत के कांग्रेस के इतिहास को लेकर दिए गए बयान पर उत्तराखंड कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास नरसंहारों से नहीं, बल्कि देश की आजादी के संघर्ष, त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण के योगदान से जुड़ा है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के इतिहास को नरसंहारों से दागदार बताना ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने जैसा है। इस तरह के बयान देश के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके बलिदानों का भी अपमान हैं। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत जैसे वरिष्ठ नेताओं को सार्वजनिक बयान देने से पहले इतिहास का अध्ययन करना चाहिए।

 

Oplus_16908288

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस के इतिहास पर अनर्गल टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने बंशीधर भगत से सवाल किया कि आखिर वे किन नरसंहारों की बात कर रहे हैं और उनके आरोपों का ऐतिहासिक एवं तथ्यात्मक आधार क्या है?

डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का इतिहास षड्यंत्रों और माफी मांगने वालों से जुड़ा रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजों के साथ कथित सहयोग को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाने के बजाय अपने शासनकाल के कार्यों और उपलब्धियों का हिसाब जनता को देना चाहिए। कांग्रेस के बलिदान और योगदान को कोई राजनीतिक बयान मिटा नहीं सकता।