देहरादून में धूमधाम से मनाई गई इगास बग्वाल, गणेश जोशी और महेंद्र भट्ट ने खेला भैलो
देहरादून में धूमधाम से मनाई गई इगास बग्वाल, गणेश जोशी और महेंद्र भट्ट ने खेला भैलो
पद्मश्री प्रीतम भरतवाण और लोक कलाकार शनि दयाल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, 51 विजेताओं को मिले पुरस्कार
देहरादून। भारत केसरी
राजधानी देहरादून के दून विहार सेंट्रल पार्क में लोकपर्व इगास बग्वाल धूमधाम और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शिरकत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैलो खेलकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं का उत्सव मनाया तथा प्रदेशवासियों को इगास की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इगास बग्वाल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी बोली, भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी परंपराओं को जानें और उन पर गर्व करें।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के लोकपर्व हमारी अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान के संवाहक हैं। देहरादून में जिस उत्साह और भव्यता के साथ इगास मनाई जा रही है, वह सराहनीय है। ऐसे आयोजन प्रवासी उत्तराखंडियों और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण और लोक कलाकार शनि दयाल की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। लोकगीतों और पारंपरिक धुनों पर दर्शक झूमते नजर आए। इस अवसर पर आयोजित लकी ड्रॉ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार फ्रिज और तृतीय पुरस्कार टीवी प्रदान किया गया। इसके अलावा 51 अन्य विजेताओं को भी विभिन्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय पार्षद मीनाक्षी नौटियाल, मंडल उपाध्यक्ष संजय नौटियाल और दून विहार कॉलोनी के निवासियों के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, पूनम नौटियाल, निर्मला जोशी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इगास के इस आयोजन ने एक बार फिर उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक उत्सव की भावना को जीवंत कर दिया।

