मोदी के दरबार में धामी की बड़ी डिमांड! एक्सप्रेस-वे, रेल लाइन और एयरपोर्ट… उत्तराखंड के लिए मांगा बहुत कुछ!
प्रधानमंत्री मोदी से मिले सीएम धामी, उत्तराखंड के विकास के लिए रखे कई बड़े प्रस्ताव
देहरादून/नई दिल्ली।
भारत केसरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों के बावजूद केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने राज्य के लिए विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं में सहयोग देने पर प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।
कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को EAP Capping से छूट देने, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार एवं आधुनिकीकरण तथा दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति का अनुरोध किया। इसके अलावा टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर भी केंद्र का ध्यान आकर्षित किया।

देहरादून से हरिद्वार तक RRTS विस्तार के लिए फिजिबिलिटी स्टडी तथा देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोपवे परियोजना में सहयोग का भी आग्रह किया।
कुंभ-2027 और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए ₹500 करोड़ तथा SASCI के अंतर्गत लगभग ₹9,500 करोड़ की वित्तीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ऊधमसिंह नगर के किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने का अनुरोध भी किया।

इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹3,436.08 करोड़ और चम्पावत बाईपास के लिए ₹199 करोड़ की स्वीकृति सहित केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख किया।
पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि उत्तराखंड में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं बेलकेदार, अंजनीसैंण, टिहरी, लोहाघाट और श्यामलाताल को आध्यात्मिक पर्यटन केंद्रों के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।

शीतकालीन यात्रा, आदि कैलाश, साहसिक पर्यटन और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ब्रांड का टर्नओवर ₹6.9 करोड़ तक पहुंच चुका है और अमेजन, ONDC, जियोमार्ट, बिग बास्केट तथा ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी रखी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। भारत दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम के तहत 379 मेधावी विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण कराया गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम की भी योजना बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भी भेंट किए। इनमें मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, पारंपरिक दोरखा, शुद्ध शहद, बदरी घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इसके अलावा हरिद्वार कुंभ-2027 की आध्यात्मिक महत्ता दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकसित भारत के संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

