DEHRADUNDM DEHRADUN

समाधान दिवस में 102 शिकायतें दर्ज, निवेश और नौकरी के नाम पर ठगी के मामले भी पहुंचे

देहरादून, 14 सितंबर 2026।

भारत केसरी

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में जनसमस्याओं से जुड़ी कुल 102 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को मामलों की जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

 

निवेश के नाम पर लाखों की ठगी की शिकायत

समाधान दिवस में ऋषिकेश निवासी रेखा चतरथ, नीलम नेगी और ऋतु गर्ग ने दून स्मृद्धि लिमिटेड एवं सर्व माइक्रोफाइनेंस इंडिया एसोसिएशन पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। शिकायत के अनुसार रेखा चतरथ से 18.95 लाख रुपये, नीलम नेगी से 14.75 लाख रुपये और ऋतु गर्ग से 4.25 लाख रुपये निवेश के नाम पर लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने प्रशासन को जांच के निर्देश दिए।

 

नौकरी का ऑफर देकर 1.75 लाख रुपये लेने का आरोप

 

नथुवाला निवासी अखिलेश उनियाल ने शिकायत की कि उन्हें इंडिया ग्लोबल सर्विसेज की ओर से नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया था। कंपनी के कहने पर उन्होंने 1.75 लाख रुपये जमा किए, लेकिन इसके बाद उन्हें नौकरी नहीं दी गई। शिकायतकर्ता ने कंपनी को फर्जी बताते हुए जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले में अपर जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी पुलिस को जांच के निर्देश दिए।

इंद्रेश नगर निवासी खेम चंद ने सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी किए जाने की शिकायत की। इस मामले की जांच सीओ पटेलनगर को सौंपी गई है।

 

मोबाइल नेटवर्क और पेयजल की समस्याएं भी उठीं

 

नवादा मिनी मसूरी जन कल्याण समिति ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या उठाते हुए मोबाइल टावर लगाए जाने की मांग की। इस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

वहीं, चकराता विकासखंड की ग्राम पंचायत कावाखेड़ा के अंतर्गत उरटेडा बस्ती में पेयजल लाइन जर्जर होने की शिकायत सामने आई। जल निगम को तत्काल कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए गए।

 

बुजुर्ग महिला ने बेटे-बहू पर प्रताड़ना का लगाया आरोप

 

नेहरू कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बताया कि उन्होंने मातृ स्नेह के चलते अपनी संपत्ति पुत्र के नाम कर दी थी। आरोप है कि वृद्धावस्था में पुत्र और पुत्रवधू द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले में अपर जिलाधिकारी ने भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वाद दायर कर महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

 

एमडीडीए कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला जैनव ने आंखों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगी। संबंधित एसडीएम को सहायता के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

 

जमीन पर कब्जे और रास्ता बंद करने की शिकायतें

 

सहारनपुर निवासी प्रवेश उप्रेती ने आरोप लगाया कि धोखाधड़ी कर उनकी भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई और जमीन को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है। मामले में एसडीएम विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

वहीं, गीत बिष्ट ने पड़ोसी पर उनकी स्वामित्व एवं कब्जे वाली संपत्ति में अतिक्रमण करने, साझा सीढ़ी पर ताला लगाने, रास्ता बंद करने और धमकी देने का आरोप लगाया। एसडीएम को मामले की जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए गए।

 

लच्छीवाला निवासी माधवी गुरंग ने शिकायत की कि उनके जेठ ने प्रॉपर्टी डीलर से मिलीभगत कर उनके घर का रास्ता बंद कर दिया है। इस मामले में भी एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

बारिश से हुए नुकसान का भी उठा मामला

 

नवादा निवासी दिनेश्वरी देवी ने बताया कि 3 सितंबर को हुई भारी बारिश के कारण उनकी गौशाला की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मौके की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

 

चुक्खूवाला निवासी गुड्डी देवी और रायपुर निवासी कमलेश ने बारिश से निजी मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। संबंधित एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

 

अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

 

अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को महज औपचारिकता न माना जाए। प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

 

समाधान दिवस में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।