दीपलोक श्रीराम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया गणपति उत्सव
देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के दीपलोक स्थित प्रसिद्ध श्रीराम मंदिर में गणपति उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर और कैंट विधायक सविता कपूर ने पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
गणपति उत्सव सामाजिक एकता का पर्व: अभिनव थापर
इस अवसर पर अभिनव थापर ने कहा कि गणपति उत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का पर्व है। उन्होंने भगवान गणेश से क्षेत्रवासियों और सभी परिवारों के सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद क्षेत्रवासियों से संवाद भी किया।
भव्य रामलीला में शामिल होने का दिया निमंत्रण
अभिनव थापर ने क्षेत्रवासियों को आगामी शारदीय नवरात्रि के अवसर पर रेसकोर्स स्थित श्री गुरुनानक मैदान में आयोजित होने वाली रामलीला में सपरिवार शामिल होने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

सविता कपूर ने दी गणेश उत्सव की शुभकामनाएं
कैंट विधायक सविता कपूर ने भी क्षेत्रवासियों को गणपति उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
कार्यक्रम के दौरान अभिनव थापर ने मंदिर समिति के सदस्यों के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। गणपति उत्सव में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सुशील बग्गा, अनिल बांगा, जे.एस. चुग, सुरेंद्र गांधी, सुनील शर्मा, तरुण सक्सेना, सुनील गोयल, आर.के. गुप्ता सहित मंदिर समिति के सदस्य, श्रद्धालु, क्षेत्रवासी एवं मातृशक्ति मौजूद रहे।
