Uttrakhand

दीयों की रोशनी में पीएम मोदी को आशीर्वाद, पिथौरागढ़ में रेखा आर्या ने की शिरकत

भारत केसरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पिथौरागढ़ में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने रामलीला मैदान और लेलू स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचकर शिरकत की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की।

 

प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह महज दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प के प्रति जनता के आभार और आशीर्वाद को व्यक्त करने का अभियान है।

रेखा आर्या ने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुद्रा योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना समेत विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।

 

उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए योजनाओं को लागू करने के साथ ही सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी काम कर रही है।

 

प्रभारी मंत्री ने उत्तराखंड में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।

 

खेलों को लेकर रेखा आर्या ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों से युवाओं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का भी उल्लेख किया और कहा कि राज्य के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, प्रदेश मंत्री दीपिका बोरा, जिलाधिकारी आशीष भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, सीडीओ दीपक सैनी समेत पार्टी पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।