CM UTTRAKHANDUttrakhand

मियांवाला में ₹8.64 करोड़ से तैयार ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण, पुराने तालाब को मिला नया जीवन

देहरादून।

भारत केसरी

रायपुर क्षेत्र के मियांवाला में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब ₹8.64 करोड़ की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा विकसित इस पार्क में पुराने तालाब को पुनर्जीवित करते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

पार्क में पेडल बोटिंग, आइलैंड, जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, चिल्ड्रन पार्क, एजुकेशनल फ्लावर गार्डन, लैंडस्केपिंग और बैठने की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। तालाब के बीच बनाया गया आइलैंड और पेडल बोटिंग लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र है।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुराने जल स्रोत का पुनर्जीवन केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि अपनी विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने का प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल कंक्रीट के ढांचे खड़े करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन आसान बनाना, शहर को सुंदर रखना और पर्यावरण का संरक्षण करना है।

मुख्यमंत्री ने रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और पेयजल की जरूरतों को देखते हुए सौंग डैम परियोजना भी देहरादून की भविष्य की जल व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।

 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार सुविधाएं विकसित कर सकती है, लेकिन उनकी देखभाल और संरक्षण समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।

 

इस दौरान विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी समेत अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।