DEHRADUNUttrakhand

दर्शकों के दिल को छू गई ‘सैयारा’, जूही बब्बर सोनी की दमदार प्रस्तुति ने छोड़ी गहरी छाप

देहरादून, 18 सितंबर।

 

भारत केसरी

महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेश को मंच पर प्रभावी ढंग से पेश करते हुए अभिनेत्री, लेखिका और निर्देशक जूही बब्बर सोनी ने शुक्रवार को देहरादून में ‘विद लव आपकी सैयारा’ नाटक की प्रस्तुति दी। करीब डेढ़ घंटे की इस प्रस्तुति ने दर्शकों को कभी गुदगुदाया तो कभी गंभीर सामाजिक सवालों पर सोचने के लिए मजबूर किया।

 

सर्वे चौक के समीप स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग और दून विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नाटक का मंचन किया गया। नादिरा जहीर बब्बर की परिकल्पना तथा जूही बब्बर सोनी के लेखन, निर्देशन और अभिनय से तैयार इस नाटक के अब तक 130 से अधिक शो हो चुके हैं।

नाटक के माध्यम से महिलाओं की सामाजिक स्थिति, उनके संघर्ष और जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रभावी तरीके से सामने रखा गया। जूही बब्बर सोनी के अभिनय ने मंच पर भावनाओं के अलग-अलग रंगों को उकेरा, जिसका दर्शकों ने भी गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल रहीं। उन्होंने प्रस्तुति की सराहना करते हुए जूही बब्बर सोनी और उनकी टीम को दून विश्वविद्यालय में नाटक प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम में सरदार भगवान सिंह विश्वविद्यालय के चेयरमैन एसपी सिंह, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना और रंगकर्मी आलोक उल्फत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

 

संस्कृति विभाग के उपनिदेशक शेखर प्रकाश पटवाल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अजीत कुमार ने किया। आयोजन में राकेश मैठाणी, जागृति सहित अन्य लोगों ने विशेष सहयोग दिया।

 

‘विद लव आपकी सैयारा’ की प्रस्तुति ने मनोरंजन के साथ महिला सशक्तीकरण और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश भी दर्शकों तक पहुंचाया।