सरकारी जमीन पर कब्जे और प्लॉटिंग की शिकायतों पर जांच के निर्देश, समाधान दिवस में 137 से अधिक शिकायतें
देहरादून।
भारत केसरी
जन समाधान दिवस में सोमवार को भूमि विवाद, अतिक्रमण और सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा और अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 137 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं।

अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, अवैध कब्जे और अतिक्रमण से संबंधित रहीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए।
जॉलीग्रांट में सरकारी जमीन पर प्लॉटिंग की शिकायत
डोईवाला के जॉलीग्रांट क्षेत्र में सरकारी और ग्राम समाज की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और प्लॉटिंग का मामला सामने आया। शिकायत में ग्राम समाज, नदी-जोहड़, तालाब, जंगलात और कृषि भूमि पर कथित अतिक्रमण का आरोप लगाया गया। मामले में एसडीएम डोईवाला को अभिलेखीय और स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
UPI से 99 हजार रुपये ट्रांसफर होने की शिकायत
विकासनगर निवासी सुनील पठानिया ने बिना जानकारी के यूपीआई के माध्यम से 99 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर होने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्कूल के खेल मैदान और छात्र सुरक्षा का मामला भी पहुंचा
चकमनसा स्थित राजीव बाल विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल की प्रबंधक आनन्दी देवी ने स्कूल के सामने स्थित सरकारी भूमि को खेल मैदान और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराने की मांग की। अधिकारियों ने एसडीएम विकासनगर को राजस्व अभिलेखों और भूमि की वास्तविक स्थिति की जांच के निर्देश दिए।
इसके अलावा लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों को पुनर्स्थापना अनुदान, 78 वर्षीय महिला को मकान में प्रवेश दिलाने तथा टर्नर रोड-एकता विहार में सरकारी भूमि से कथित कब्जा हटाकर सड़क चौड़ीकरण सहित कई शिकायतें भी समाधान दिवस में उठीं।
अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को नियमों के तहत जांच कर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

