साइबर ठगी पर STF की बड़ी कार्रवाई, 1930 हेल्पलाइन से 9 महीनों में ₹25.42 करोड़ बचाए
देहरादून, 19 सितंबर।
भारत केसरी
उत्तराखंड में साइबर ठगी के मामलों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कार्रवाई लगातार जारी है। STF के अनुसार, 1 जनवरी से 18 सितंबर 2026 तक 1930 राष्ट्रीय वित्तीय साइबर हेल्पलाइन के जरिए त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध पीड़ितों की करीब ₹25.42 करोड़ की धनराशि होल्ड कराई गई है।

STF के अधीन संचालित 1930 कंट्रोल रूम में शिकायत मिलते ही संबंधित बैंक और नोडल अधिकारियों से समन्वय कर ठगी की रकम को तत्काल होल्ड कराने का प्रयास किया जाता है। STF ने पिछले 15 दिनों में सामने आए कई मामलों में लाखों रुपये की धनराशि होल्ड कराने का दावा किया है।
इन मामलों में देहरादून की सुरेन्द्र कौर से ₹1.95 लाख की ठगी के बाद ₹1.27 लाख, डोईवाला की अलका नौटियाल की ₹50 हजार की शिकायत पर ₹49,627, बागेश्वर के ललित जोशी की करीब ₹1 लाख की ठगी में ₹66,283, जबकि नैनीताल के रघुवीर सिंह मटियाल की शिकायत पर ₹75,030 होल्ड कराए गए।
वहीं, रुड़की की पूनम की करीब ₹98 हजार की पूरी रकम, देहरादून के प्रदीप की ₹50 हजार, काशीपुर के शाहनवाज की करीब ₹98 हजार की ठगी में ₹97,765 और लक्सर की नर्गिस की शिकायत पर ₹76,549 की धनराशि होल्ड कराई गई।
STF के मुताबिक, देहरादून के जितेंद्र सिंह से APK फाइल के जरिए हुई करीब ₹57,798 की साइबर ठगी में लगभग पूरी रकम होल्ड कराई गई। वहीं, देहरादून की आरती वर्मा से Investment Fraud के जरिए ₹7.70 लाख की ठगी के मामले में ₹6.94 लाख से अधिक की धनराशि होल्ड कराई गई।
STF ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें और कमीशन के लालच में खाता किराये पर देने से बचें। साथ ही ATM कार्ड, OTP, PIN और UPI PIN किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने Digital Arrest के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर भी लोगों को सतर्क किया है। STF के अनुसार, पुलिस, CBI या ED का अधिकारी बनकर ऑनलाइन गिरफ्तारी के नाम पर डराने वाले साइबर ठगों से सावधान रहें। किसी भी सरकारी जांच एजेंसी द्वारा ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं की जाती।
STF ने अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल, फर्जी वेबसाइट, निवेश योजनाओं, कम समय में पैसा दोगुना करने के प्रलोभन और Google पर मिले अनधिकृत Customer Care नंबरों से भी सावधान रहने की अपील की है।
किसी भी वित्तीय साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। STF का कहना है कि समय पर की गई शिकायत ठगी की रकम को होल्ड कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

