टिहरी के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, मंत्री रेखा आर्या ने की समीक्षा बैठक
टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होंगे कार्यक्रम
समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जनपद में कुल 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें से 2012 केंद्र सक्रिय हैं। कार्यक्रम का आयोजन जनपद के सभी ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा। इस दौरान लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। गर्भवती और धात्री महिलाओं को विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा।
मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
महिलाओं को योजनाओं की जानकारी, बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह और टेक होम राशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए, ताकि बच्चों, माताओं और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए।
आयोजन के दौरान लाभार्थियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जाएंगे। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उठाया मानदेय बढ़ाने का मुद्दा
समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मंत्री रेखा आर्या के समक्ष मानदेय बढ़ाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने जल्द मानदेय बढ़ोतरी की मांग को कैबिनेट में लाने का आश्वासन दिया।
रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत कड़ी हैं और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला होने के नाते वह कार्यकत्रियों की परेशानियों से भलीभांति अवगत हैं।
ये अधिकारी और पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, डीडीओ मो. असलम, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविंद रावत सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
