Uttrakhand

पौड़ी के 1853 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, मंत्री रेखा आर्या ने दिए व्यवस्थित आयोजन के निर्देश

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पौड़ी के 1853 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्रीनगर स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मेडिकल कॉलेज, श्रीकोट के मुख्य कॉन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने की। इस दौरान मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल, व्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों को ग्रामीण समुदाय से जोड़ना उद्देश्य

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण समुदाय से और अधिक जोड़ना है। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना भी कार्यक्रम की प्रमुख प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण समुदाय की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।

योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गोद भराई, जन्मोत्सव सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की अन्य योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या बाधा नहीं आनी चाहिए।

लाभार्थियों से सीधा संवाद और समस्याओं का समाधान

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली जाए। प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, गणमान्य नागरिकों, महिला समूहों और ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही कार्यक्रम की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

बच्चों के लिए होंगी रचनात्मक गतिविधियां

मंत्री ने जानकारी दी कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेलकूद, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल संरक्षण तथा बाल विकास से संबंधित जागरूकता गतिविधियों का भी प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए, ताकि उनके कार्यों को प्रोत्साहन मिल सके।

समय से पूरी हों सभी व्यवस्थाएं

कैबिनेट मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार सामग्री और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजन से पहले पूरी करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

ये रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।