बनियावाला-बड़ोवाला में मातृशक्ति से संवाद, महिलाओं ने महंगाई और घरेलू बजट का उठाया मुद्दा
सहसपुर। बनियावाला-बड़ोवाला क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, महिलाओं की जरूरतों और क्षेत्र के विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। इस दौरान महंगाई और लगातार बढ़ती घरेलू जरूरतों की कीमतों को लेकर महिलाओं ने चिंता जताई।
महिलाओं से संवाद करते हुए आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि माताओं-बहनों का प्यार, विश्वास और आशीर्वाद उनकी ताकत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाना जरूरी है, क्योंकि मातृशक्ति परिवार और समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। ऐसे में क्षेत्र के विकास से जुड़े निर्णयों और प्रयासों में महिलाओं की आवाज और उनकी प्राथमिकताओं को महत्व दिया जाना चाहिए।
महंगाई ने बिगाड़ा घर का बजट
संवाद के दौरान महिलाओं ने महंगाई और घरेलू सामान की बढ़ती कीमतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि रसोई से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवार के मासिक बजट पर पड़ रहा है।
महिलाओं ने कहा कि गैस सिलेंडर से लेकर रोजमर्रा की खाने-पीने की जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की आर्थिक परेशानियां बढ़ाई हैं। उन्होंने अपनी स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ घरेलू खर्च और महंगाई से जुड़ी चिंताओं को भी सामने रखा।
आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें लगातार उठाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति द्वारा रखी गई समस्याएं और अपेक्षाएं क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों को समझने में महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहना तथा उनके सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी जिम्मेदारी है।

