चकराता के मोहना में ‘सेवा सेतु’ शिविर, 645 ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ
देहरादून, 23 सितंबर 2026। सेवा सेतु अभियान के तहत बुधवार को चकराता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहना में एक दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 645 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विभागों की सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ उठाया।

शिविर में मुख्य अतिथि जनजाति परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) गीताराम गौड़ और चकराता की ब्लॉक प्रमुख आशा वर्मा ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ पत्र और प्रमाण पत्र वितरित किए।
12 शिकायतों में से 11 का मौके पर समाधान
शिविर के दौरान ग्रामीणों की ओर से दर्ज कराई गईं 12 जनसमस्याओं और शिकायतों में से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष एक शिकायत के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, शिविर में आय, जाति, खाता-खतौनी और सामाजिक पेंशन से संबंधित 99 पात्र लाभार्थियों के प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए। इससे ग्रामीणों को संबंधित विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
अपने संबोधन में जनजाति परिषद के उपाध्यक्ष गीताराम गौड़ ने कहा कि प्रदेशभर में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न जनहितैषी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
एक ही छत के नीचे मिलीं कई विभागों की सेवाएं
शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य और उद्यान विभाग सहित कई प्रमुख विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं, पात्रता मानकों और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र और योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख फतेह सिंह, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख सुलोचना रावत, स्थानीय बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

