Uttrakhand

29 सितंबर को देहरादून में रोजगार मेला, 904 पदों पर भर्ती का मौका

Rojgar Mela: नौकरी चाहिए तो 27 को रोजगार मेला में आएं, इन कंपनियों में काम करने का मिल सकता है मौका - Rojgar mela will be organize on 27 May in Agra

देहरादून, 23 सितंबर 2026। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से आगामी 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में 18 निजी कंपनियां भाग लेंगी और कुल 904 रिक्त पदों पर भर्ती का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।

दूसरे जिलों के युवा भी कर सकेंगे प्रतिभाग

रोजगार मेले में देहरादून के साथ ही उत्तराखंड के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी प्रतिभाग कर सकेंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। इच्छुक युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है। हालांकि, रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने के लिए बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

सेवायोजन विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है।

ये कंपनियां लेंगी हिस्सा

29 सितंबर को आयोजित रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यू नेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार सहित विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।

इन कंपनियों की ओर से अलग-अलग योग्यता और कार्यक्षेत्र के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

दुबई में भी रोजगार का अवसर

सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार से जोड़ने का अवसर दिया जा रहा है।

इसके लिए आईटीआई अथवा आईटीआई सर्टिफिकेट धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। विभाग के अनुसार फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह का अनुभव आवश्यक है और न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।

योजना के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उन्हें वैश्विक रोजगार बाजार के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।