खेलते-खेलते रास्ता भटकी 4 साल की मासूम, डोईवाला पुलिस ने एक घंटे में परिजनों से मिलाया
देहरादून। डोईवाला पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए रास्ता भटककर घर से दूर पहुंची चार वर्षीय मासूम बच्ची को महज एक घंटे के भीतर उसके परिजनों से मिलाया। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को जौलीग्रांट चौकी क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों को करीब चार साल की एक बच्ची अकेली घूमती हुई मिली। बच्ची काफी छोटी होने के कारण अपने घर या परिजनों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही बच्ची की तस्वीर को क्षेत्र में विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का जल्द ही नतीजा सामने आया। पुलिस को जानकारी मिली कि बच्ची के पिता मूल रूप से ग्राम बढ़नपुरवा, थाना पढ़वा, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और वर्तमान में 06 नंबर चौक, आठूरवाला, जौलीग्रांट, देहरादून में रह रहे हैं।
इसके बाद डोईवाला पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर करीब एक घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची खेलते-खेलते रास्ता भटक गई थी और घर से काफी दूर पहुंच गई थी। बच्ची के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक चिन्ताणि मैठानी, चौकी प्रभारी जौलीग्रांट, कांस्टेबल दुष्यंत, सचिन राणा, सुनीत कुमार तथा महिला कांस्टेबल सोनी चौहान शामिल रहे।
