DEHRADUNSSP DehradunUttrakhand

प्रशिक्षण पूरा कर पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए 15 आरक्षी, एसएसपी ने दिलाई कर्तव्य और सत्यनिष्ठा की शपथ

देहरादून। नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 15 प्रशिक्षु आरक्षी बुधवार को पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हो गए। पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित पासिंग आउट सेरेमनी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।

 

आरक्षी जनपदीय पुलिस का नौ माह का प्रशिक्षण 17 नवंबर 2025 से शुरू हुआ था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 23 सितंबर 2026 को पासिंग आउट सेरेमनी आयोजित की गई। इस दौरान एसएसपी ने सभी उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और पुलिस सेवा में पूरी लगन, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

कानून से लेकर हथियार और फील्ड क्राफ्ट तक का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। अंत:कक्ष प्रशिक्षण में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, भारतीय संविधान, विभिन्न अधिनियम, पुलिस एवं समाज, मानव व्यवहार एवं मनोविज्ञान, व्यक्तित्व विकास, अपराध शास्त्र, थाना अभिलेख, पुलिस संगठन एवं प्रशासन तथा पुलिस रेगुलेशन जैसे विषय शामिल रहे।

वहीं बाह्य कक्ष प्रशिक्षण में परेड, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पीटी/पीई, योग और यूएसी समेत पुलिस की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से जुड़े प्रशिक्षण दिए गए।

फैज आलम रहे सर्वांग सर्वोत्तम

प्रशिक्षण और परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पासिंग आउट सेरेमनी के दौरान एसएसपी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

रिक्रूट महिला आरक्षी अंजुम निशा ने अंत:कक्ष परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया। वहीं रिक्रूट आरक्षी फैज आलम ने बाह्य कक्ष परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

फैज आलम को पूरे प्रशिक्षण के दौरान उनके प्रदर्शन के आधार पर सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट चुना गया। इसके अलावा उन्होंने पासिंग आउट परेड में परेड कमांडर की जिम्मेदारी भी निभाई।

एसएसपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं की पीठ थपथपाते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और सभी सफल आरक्षियों को पुलिस सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा भी पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

पासिंग आउट सेरेमनी में क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, आरटीसी स्टाफ और प्रशिक्षण पूरा करने वाले आरक्षियों के परिजन मौजूद रहे।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु

  • अंत:कक्ष में प्रथम: रिक्रूट महिला आरक्षी अंजुम निशा
  • बाह्य कक्ष में प्रथम: रिक्रूट आरक्षी फैज आलम
  • सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट: रिक्रूट आरक्षी फैज आलम
  • परेड कमांडर: रिक्रूट आरक्षी फैज आलम