Uttrakhand

उत्तराखंड के 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’, मंत्री रेखा आर्या ने दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश

देहरादून, 23 सितंबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर के 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विकास भवन सभागार में हुई बैठक में देहरादून, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों की तैयारियों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। हरिद्वार और बागेश्वर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि देहरादून जिले में 1,907, हरिद्वार में 3,179 और बागेश्वर में 834 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन तीनों जिलों के कुल 5,920 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

‘आंगन का मिलन’ को जनसेवा अभियान की तरह लें अधिकारी

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या व्यवधान की स्थिति न बने।

उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ को केवल एक कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि जनसेवा के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में लिया जाए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं, बच्चों और बालिकाओं तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना होना चाहिए।

मंत्री ने कार्यक्रम में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराई जाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को किया जाएगा सम्मानित

रेखा आर्या ने बताया कि अभियान के दौरान बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे उत्कृष्ट कार्य करने वाली कर्मियों का उत्साहवर्धन होगा और अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, शिशुओं और बालिकाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के साथ-साथ बच्चों को बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य कर रही है।

लापरवाही पर मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला परियोजना अधिकारी मीना बिष्ट, महिला मोर्चा महामंत्री हिमानी वैष्णव, जिलाध्यक्ष मीता सिंह सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।