लोकगीतों पर झूमे दर्शक, सांस्कृतिक रंग में रंगा जागतोली-दशज्यूला महोत्सव; कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने किया समापन
रुद्रप्रयाग। जागतोली में आयोजित पांच दिवसीय नंदा अष्टमी जागतोली-दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम से पहले कैबिनेट मंत्री ने नंदा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज दशज्यूला परिसर में स्थापित शहीद सुनीलदत्त काण्डपाल, शहीद वी.पी. पुरोहित, शहीद राइफलमैन पूरण सिंह नेगी और शहीद नायक धीर सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

‘मेले हमारी संस्कृति और परंपराओं के ध्वजवाहक’
मेला समिति के अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने अतिथियों का स्वागत किया और महोत्सव के आयोजन के लिए सरकार से आर्थिक सहयोग की अपेक्षा जताई।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मेला समिति और क्षेत्रीय जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले लोक संस्कृति और परंपराओं के ध्वजवाहक हैं। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही सामाजिक एकजुटता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर होने वाले सांस्कृतिक आयोजनों से लोक परंपराओं के संरक्षण के साथ स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
100 से अधिक सड़कों को मिली PMGSY फेज-4 में मंजूरी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के तहत जनपद में 100 से अधिक सड़कों को स्वीकृति मिली है। सरकार का प्रयास गांवों और तोकों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके।
उन्होंने बताया कि कोठगी में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यहां कक्षाओं का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।
मेला समिति को ₹2 लाख की सहायता की घोषणा
समापन समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने मेला समिति को आयोजन के लिए ₹2 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इस दौरान महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले महिला मंगल दलों को भी सम्मानित किया गया।
दर्शन फर्स्वाण के गीतों पर जमकर झूमे दर्शक
महोत्सव के अंतिम दिन प्रसिद्ध लोक गायक दर्शन फर्स्वाण ने मां नंदा के भजनों और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमे और मेला परिसर देर शाम तक उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में दायित्वधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अगस्त्यमुनि सविता भंडारी, समाजसेवी नीलकंठ भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, तहसीलदार जगदीश नेगी, मेला सचिव कालिका काण्डपाल, तुंगेश्वर फलासी मंदिर समिति के अध्यक्ष मानवेंद्र बर्त्वाल, प्रधान संगठन के जिला महामंत्री राकेश मोहन बिष्ट, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्तवाल सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
