देहरादून कोर्ट परिसर की पहली मंजिल से गिरी महिला, पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया
देहरादून, 23 सितंबर 2026। देहरादून के कोर्ट परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला पहली मंजिल से नीचे गिरकर घायल हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोर्ट परिसर की पहली मंजिल से एक महिला नीचे गिर गई है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली नगर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर महिला घायल अवस्था में फर्श पर पड़ी मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचाया।
पति के खिलाफ न्यायालय में विचाराधीन है मामला
अस्पताल में पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम मीनाक्षी, पत्नी संजीव कुमार, निवासी विजय कॉलोनी, न्यू कैंट रोड, देहरादून बताया। महिला के अनुसार, उसके पति के खिलाफ न्यायालय में एक वाद विचाराधीन है और इसी मामले में गवाही देने के लिए उसे बुधवार को कोर्ट बुलाया गया था।
महिला ने पुलिस को बताया कि इस दौरान उसकी तबीयत अस्वस्थ हो गई और चक्कर आने के कारण वह न्यायालय की पहली मंजिल से नीचे गिर गई।
फिलहाल महिला का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले के तथ्यों की जांच की जा रही है।
