राजकीय पॉलिटेक्निक रानीपोखरी में तंबाकू जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिलाई तंबाकू मुक्त रहने की शपथ
रानीपोखरी/ऋषिकेश। उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, रानीपोखरी में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों और इससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए तंबाकू सेवन और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों से संबंधित सवाल पूछे।

पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए दिया तंबाकू छोड़ने का संदेश
जागरूकता कार्यक्रम के तहत तंबाकू के हानिकारक प्रभावों पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान को प्रदर्शित किया और लोगों को इसके खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और अन्य लोगों को तंबाकू मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।
सरकारी दिशा-निर्देशों के पालन पर संस्थान को प्रशस्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि कॉलेज परिसर में भारत सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है। इसी अनुपालन के लिए संस्थान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया है।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की सलाहकार अर्चना उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता रेखा अभियान सहित करीब 200 विद्यार्थी और समस्त फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदार बनाना रहा।
