DEHRADUNUttrakhand

उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार की नई राह, 4 शहरों में खुलेंगे स्किल सेंटर

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक नई पहल की है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और M3M Foundation के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन यानी MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इस साझेदारी के तहत शुरुआती चरण में देहरादून, हल्द्वानी, काशीपुर और पिथौरागढ़ में प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जाएंगे। जरूरत और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर अल्मोड़ा और बड़कोट को भी अतिरिक्त प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में शामिल किया जा सकता है।

 

प्रशिक्षण केंद्रों में युवाओं को आधुनिक और रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें इलेक्ट्रिक व्हीकल, ऑटो इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस, ऑटोमोबाइल रिपेयर एंड मेंटेनेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स यानी IoT और प्लंबिंग जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।

 

इस MoU का फोकस सिर्फ प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं रहेगा। युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने, उद्योगों से बेहतर संपर्क स्थापित करने, प्लेसमेंट सहायता देने और प्रशिक्षण के बाद टिकाऊ आजीविका उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा।

विभाग के अनुसार प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र पर स्थानीय उद्योगों की मांग और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कम से कम दो पाठ्यक्रम संचालित किए जाने प्रस्तावित हैं।

 

M3M Foundation की चेयरपर्सन एवं ट्रस्टी डॉ. पायल कनोडिया ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को उद्योग की जरूरत के मुताबिक कौशल देकर रोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़ना इस साझेदारी का प्रमुख उद्देश्य है।

 

राज्य सरकार के अनुसार इस पहल के जरिए युवाओं को बदलती तकनीकी और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।