Uttrakhand

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर CEO ने जिलाधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश, मतदान केंद्रों की सुविधाओं का होगा स्थलीय निरीक्षण

देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में उन्होंने आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चुनावी तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। इस दौरान मतदान केंद्रों के भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), रिटर्निंग अधिकारियों (RO) और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में प्रतिभाग करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।

स्वीप प्लान तैयार करने के निर्देश

बैठक के दौरान सीईओ डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जनपदों को स्वीप (SVEEP) प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियों को निर्वाचन तैयारियों का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखंड का दौरा किया जा सकता है। इस दौरान सभी जिलाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने जिलों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

SIR अभियान की प्रगति की भी समीक्षा

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सीईओ ने सभी जनपदों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिलों में अभियान से संबंधित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की और चुनावी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।