बदरीनाथ-केदारनाथ मास्टर प्लान पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सख्त
देहरादून।
भारत केसरी
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में परिसंपत्तियों के हैंडओवर समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

केदारनाथ पुनर्निर्माण के तहत सेंट्रल स्ट्रीट के 6 भवनों को उच्च प्राथमिकता पर रखते हुए यात्रा सीजन समाप्त होने के बाद काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ जरूरी एग्रीमेंट की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य में देरी न हो।
🛑 मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर निर्माण पर रोक
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति न दी जाए। इसके लिए तत्काल शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
🏔️ बदरीनाथ में फेज-1 और फेज-2 के कामों की समीक्षा
बैठक में बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
🏥 बदरीनाथ अस्पताल जल्द शुरू करने की तैयारी
बदरीनाथ में निर्माणाधीन अस्पताल को लेकर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को लगभग 15 दिनों में शुरू किए जाने की योजना है।
मुख्य सचिव ने अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समयसीमा में अस्पताल शुरू किया जा सके।

