CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

क्लेमेंटाउन हत्याकांड का खुलासा, पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार

देहरादून, 24 सितंबर 2026। क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पारिवारिक विवाद और पत्नी द्वारा तलाक की तैयारी किए जाने की जानकारी मिलने के बाद हत्या की योजना बनाई थी।

गोली लगने से हुई थी महिला की मौत

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेंटाउन को सूचना मिली थी कि धीरज नामक व्यक्ति की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हुई और इस दौरान गोली लगने से उसकी पत्नी की मौत हो गई। वह महिला को दून अस्पताल ले जाने की बात कह रहा था।

सूचना पर थाना क्लेमेंटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक महिला बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली। उसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे। परिजनों से पूछताछ में मृतका की पहचान काजल पत्नी धीरज पवार, निवासी सुभाष नगर, देहरादून, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। घटना के बाद मृतका का पति अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन में मु0अ0सं0 91/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मोबाइल बंद कर फरार हुआ था आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना क्लेमेंटाउन और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था, जिसके चलते उसका कोई स्थायी ठिकाना भी नहीं था।

पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद 23 सितंबर 2026 को धीरज पंवार उर्फ लल्लू को क्लेमेंटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार ऐसे बनाई हत्या की योजना

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व काजल से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले करीब एक वर्ष से दोनों के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी का दावा है कि पिछले तीन महीने से पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को करीब एक माह पहले जानकारी मिली कि उसकी पत्नी उससे तलाक लेने की तैयारी कर रही है। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा और घटना से एक रात पहले देहरादून पहुंचा। उसने घटनास्थल के पास निर्माणाधीन भवन में छिपकर कथित तौर पर घर की रेकी की। सुबह मौका देखकर वह घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसा और बिस्तर पर सो रही पत्नी पर कथित तौर पर दो फायर किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद करने का दावा किया है।

गिरफ्तार आरोपी

धीरज पंवार उर्फ लल्लू, पुत्र सुशील कुमार, निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष।

बरामदगी

  • 315 बोर का तमंचा
  • 315 बोर का एक जिंदा कारतूस
  • घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

क्लेमेंटाउन पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, चौकी प्रभारी आशारोड़ी उपनिरीक्षक विवेक भंडारी, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह, कांस्टेबल ईदु खान और कांस्टेबल चालक कृष्ण कुमार शामिल रहे।

वहीं, एसओजी देहरादून की टीम में उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, हेड कांस्टेबल किरण, कांस्टेबल आशीष राठी और कांस्टेबल मनोज सुंदरियाल शामिल रहे