Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

राजीव गांधी और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि, हरीश रावत ने कहा- चुनौतीपूर्ण दौर में गांधी के सत्य-अहिंसा और राजीव के आधुनिक भारत के सपनों को आगे बढ़ाने की जरूरत

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने देहरादून में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ राजीव गांधी की प्रतिमा के समक्ष 101 दीप और गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने 111 दीप प्रज्वलित किए।

इस अवसर पर हरीश रावत ने कहा कि देश वर्तमान में एक चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में उन महान विभूतियों के विचारों और आदर्शों को स्मरण करना जरूरी है, जिन्होंने देश को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

राजीव गांधी के आधुनिक भारत के सपने का किया उल्लेख

हरीश रावत ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी के आधुनिक, तकनीकी और युवा राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाने का सपना देखा था। उन्होंने लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल कीं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने से युवा शक्ति की लोकतांत्रिक भागीदारी मजबूत हुई। वहीं पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करने और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को बताया प्रासंगिक

हरीश रावत ने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर दुनिया के सामने यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि बिना हिंसा के भी बड़ी लड़ाई लड़ी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा। वर्तमान समय में जब समाज में वैमनस्य और विभाजन की परिस्थितियां दिखाई देती हैं, तब सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे के संदेश को आत्मसात करना और भी आवश्यक हो जाता है।

लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलने का आह्वान

रावत ने कहा कि महात्मा गांधी और राजीव गांधी दोनों के विचारों में भारत के भविष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टि थी। उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना की थी जो लोकतांत्रिक, आधुनिक और समावेशी हो तथा प्रत्येक नागरिक के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करे।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि इन महान नेताओं को केवल स्मरण करने के बजाय उनके विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने इसे दोनों नेताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

भजनों के सामूहिक गायन से दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष “रघुपति राघव राजा राम”, “वैष्णव जन तो तेने कहिए” और “दे दी हमें आजादी बिना खड़ग बिना ढाल” जैसे भजनों एवं गीतों का सामूहिक गायन किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार, लालचंद शर्मा, वीरेंद्र पोखरियाल, महेंद्र गुरु, गरिमा मेहरा दसौनी, अर्जुन सोनकर, सुनील बांगा, संजय कनौजिया, कमल रावत, प्रकाश सती, ओमप्रकाश सती, सुलेमान अली, मोहन काला, सूरज छेत्री, अमित रावत, नितिन चंचल, अभिषेक सिंह, आशीष देसाई, सुनीता प्रकाश, पिया थापा, देवेंद्र कौर, अल्पना जदली, दीवान सिंह बिष्ट, संजय थापा, सुशील राठी, शरीफ अहमद बेग, विकास चौहान, मुकेश सोनकर, अमी चंद सोनकर, हर्ष बागड़ी, शुभम चंद, अरुणा कुमार, वंश चौधरी, अनिल बागड़ी, मनीष नागपाल, मोहम्मद फैजल, यश ठाकुर, करण वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।