पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा का मौका, 9 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेद
देहरादून, 24 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए खेल विभाग ने आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। पात्र और इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रक्रिया के तहत 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के पात्र पदक विजेता खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और योजना का लाभ उठाएं।

उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना जरूरी
खेल मंत्री के अनुसार, आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के लिए अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करना भी अनिवार्य है।
पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, शर्तों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी खेल विभाग की विज्ञप्ति में उपलब्ध कराई गई है। खिलाड़ी खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sports.uk.gov.in से विज्ञप्ति, शासनादेश और आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग ने खिलाड़ियों से आवेदन करने से पहले विज्ञप्ति में निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने पर जोर
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मान देने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं और उनकी उपलब्धियों को उचित प्रोत्साहन देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की पदक उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं होती, बल्कि इससे प्रदेश के अन्य युवाओं को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और प्रतिभा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
युवाओं को खेलों से जोड़ने पर फोकस
रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर, सुविधाएं और आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए लगातार विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए निरंतर मेहनत करने और खेल के माध्यम से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की अपील की।

