CM UTTRAKHANDUttrakhand

खटीमा में सीएम धामी ने किया ₹7.23 करोड़ की गौशाला का लोकार्पण, 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्दीघेरा, खटीमा में ₹7.23 करोड़ की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹108.84 करोड़ की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें सड़क, अवस्थापना और अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा गौशाला को आवश्यकता के अनुसार भविष्य में विस्तारित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौशाला के विस्तार से अधिक संख्या में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराया जा सकेगा।

May be an image of temple and text

13.60 किमी सड़क का होगा उच्चीकरण

शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में राज्य मार्ग-70 के सत्रहमील से नानक सागर प्रभाग तक 13.60 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण का कार्य शामिल है। इस परियोजना पर करीब ₹34.44 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा सहित पूरे ऊधमसिंह नगर जिले में सड़क, पुल, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

गौ संरक्षण को बताया जिम्मेदारी

 

No photo description available.

गौशाला के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल परंपरा का हिस्सा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ग्राम्य गौ सेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। वहीं, शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है।May be an image of dais, temple and crowd

 

गोवंश को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण के साथ गोवंश को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पशुधन संरक्षण के साथ इससे जुड़े उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ पशुधन के संवर्धन की दिशा में भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शुरू की जा रही परियोजनाओं का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराना है।