सर्दियों में उत्तराखंड को मिलेगी अतिरिक्त बिजली, केंद्र ने 73 मेगावाट आवंटन को दी मंजूरी
देहरादून। सर्दियों के दौरान उत्तराखंड में बढ़ने वाली बिजली की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य के लिए अतिरिक्त बिजली आवंटित करने को मंजूरी दी है। केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनावंटित पूल से उत्तराखंड को अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक कुल 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार अतिरिक्त बिजली का आवंटन छह माह की अवधि के लिए किया गया है। इसके तहत अक्टूबर में 5 मेगावाट, नवंबर में 8 मेगावाट, दिसंबर में 16 मेगावाट, जनवरी 2027 में 19 मेगावाट, फरवरी में 16 मेगावाट और मार्च में 9 मेगावाट बिजली मिलेगी। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी।
सर्दियों में बढ़ती मांग को पूरा करने में मिलेगी मदद
सर्दियों के दौरान प्रदेश में बिजली की खपत बढ़ने के मद्देनजर अतिरिक्त आवंटन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अतिरिक्त बिजली मिलने से राज्य में बढ़ी हुई मांग के अनुरूप विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की सर्दियों की बिजली आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बिजली आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के इस निर्णय से प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और सर्दियों के दौरान बढ़ने वाली बिजली की मांग को पूरा करने में राज्य को अतिरिक्त ऊर्जा उपलब्ध हो सकेगी।
