सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, 40 मरीजों की हुई जांच NCD स्क्रीनिंग के साथ 16 ABHA ID बनीं, 10 मरीजों के लैब टेस्ट और 9 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी
देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) रीठामंडी की ओर से स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 40 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य शिविर में सभी 40 मरीजों की गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी।
शिविर में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 16 लाभार्थियों की ABHA ID बनाई गई। वहीं, आवश्यकता के अनुसार 10 मरीजों के विभिन्न लैब टेस्ट भी मौके पर किए गए। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। इसके साथ ही बेहतर जीवनशैली, खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान 9 दिव्यांग प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इससे पात्र लाभार्थियों को संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
शिविर के आयोजन में UPHC रीठामंडी की मेडिकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश अग्रवाल, सिटी अर्बन हेल्थ ऑफिसर राकेश बिष्ट, पब्लिक हेल्थ मैनेजर प्रियंका मौर्य, स्टाफ नर्स श्वेता, फार्मासिस्ट प्रियंका और लैब टेक्नीशियन मनीष ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समुदाय स्तर पर इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों से लोगों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिलती है।

