दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति किया जागरूक, शत-प्रतिशत मतदान की अपील
देहरादून, 09 अक्टूबर 2026।
भारत केसरी
लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देहरादून में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान के दिशा-निर्देशों पर स्वीप कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मोहनी रोड स्थित दिव्यांगजनों की आवासीय संस्था ‘रेफल होम’ में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं दिव्यांगजन नोडल अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने दिव्यांगजनों को मतदान के अधिकार और उसकी महत्ता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में 8 अक्टूबर 2026 से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और बुक्सा जनजाति के 46 गांवों में सघन मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचकर उसे मतदान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस दौरान रेफल होम के दिव्यांगजनों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के तरीकों और मताधिकार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही, उन्हें आगामी चुनाव में मतदान करने और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सुश्री प्रिया लाल, सुश्री पूनम चमोली, श्री पुष्पेंद्र और श्री प्रज्वल सहित संस्था के कई लोग उपस्थित रहे।
प्रशासन की अपील: लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करे और शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल करने में सहयोग दे।

