उत्तराखंड SDRF को ISO 9001:2015 प्रमाणन, CM धामी ने बताया प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि
आपदा प्रबंधन में गुणवत्ता, अनुशासन और कार्यकुशलता पर लगी मुहर; मुख्यमंत्री ने सेनानायक अर्पण यदुवंशी समेत अधिकारियों और जवानों को दी बधाई
देहरादून। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर SDRF के अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, समर्पण और आपदा प्रबंधन में गुणवत्ता एवं उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में SDRF की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बल के जवान लोगों की जान बचाने और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने में अहम योगदान दे रहे हैं। कठिन परिस्थितियों में साहस, तत्परता और सेवाभाव के साथ काम करना SDRF की विशिष्ट पहचान है।
उन्होंने कहा कि ISO 9001:2015 प्रमाणन संगठन की प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था, निर्धारित कार्यप्रणाली, सेवाओं की गुणवत्ता और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। यह उपलब्धि बल के अधिकारियों और जवानों की मेहनत, समर्पण तथा टीम भावना का परिणाम है।
धामी ने विश्वास जताया कि SDRF भविष्य में भी आपदा प्रबंधन, राहत और बचाव कार्यों में दक्षता के नए मानक स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करना और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने SDRF के जवानों और अधिकारियों से इसी सेवाभाव, तत्परता और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी सहित समस्त अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

